हरिद्वार, भूपतवाला स्थित चिन्मयधाम आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में 23 से 29 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला आयोजित होगी। 24 जुलाई को प्रसिद्ध भजन गायिका पूनम दीदी की भजन संध्या होगी, जबकि 29 जुलाई को भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला का मंचन किया जाएगा। आयोजन की जानकारी देते हुए कथाव्यास चिन्मयानंद बापू ने बताया कि गुरु ही ज्ञान का प्रकाश और जीवन के सच्चे पथप्रदर्शक हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व अपने गुरुदेव के श्रीचरणों में श्रद्धा और भक्ति अर्पित करने का श्रेष्ठ अवसर है। इसी उद्देश्य से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण एवं कार्यक्रमों में सहभागी बनने की अपील की। चिन्मयानंद बापू ने दिल्ली में छात्रों के आंदोलन और पेपर लीक के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छात्रों की पीड़ा और उनकी चिंता पूरी तरह जायज है, लेकिन किसी भी आंदोलन का स्वरूप शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के आंदोलन में राजनीति कर रहा है। इन्हीं कारणों से पेपर लीक के दोषियों को सजा नहीं मिल पा रही है और छात्रों का आंदोलन कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके। वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, पार्षद आकाश भाटी, भाजपा नेता विदित शर्मा, प्रमोद गिरी, मयंक ने चिन्मयानंद बापू को पटका एवं फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। अनिरुद्ध भाटी, पार्षद आकाश भाटी एवं विदित शर्मा ने सनातन संस्कृति एवं धर्म के प्रचार प्रसार के लिए अनुकरणीय योगदान दे रहे चिन्मयानंद बापू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार वासियों को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए। कथा सुनने से घरों में सुख समृद्धि का आगमन होता है। युवा पीढ़ी को भी धार्मिक क्रियाकलापों में रुचि लेनी चाहिए।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *