मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से निर्मित इस गौशाला के उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने संस्था के गौसेवा और गोवंश संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गाय की सेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना भी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। उन्होंने प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस के माध्यम से गोवंश संरक्षण को आजीविका से जोड़ने की आवश्यकता बताई।मुख्यमंत्री ने संस्था के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में 11 गोवंश से शुरू हुआ अभियान आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं तक पहुंच चुका है। संस्था के अनुसार, यहां 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा की जा रही है।इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार की तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *