हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। हरकी पैड़ी से कांवड़ मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जबकि अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच शिवभक्तों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अपने हाथों से कांवड़ियों को भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस और स्वास्थ्य शिविर जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कांवड़ यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है। समारोह में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *