divesh sagar भारतीय किसान यूनियन भानु ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से इसकी शुरुआत की जाएगी। हरिद्वार के लालजीवाला में आयोजित तीन दिवसीय किसान चिंतन शिविर में उन्होंने कहा कि संगठन ने निर्वाचन आयोग से मान्यता प्राप्त कर ली है और छात्र, ओबीसी, एससी, महिला तथा युवा मोर्चों का गठन भी किया जा चुका है।ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर लंबे समय से संघर्ष करने के बावजूद सरकारों ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में अब राजनीतिक विकल्प के रूप में चुनावी मैदान में उतरने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि किसान क्रांति दल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव समेत निकाय और पंचायत चुनाव भी लड़ेगा।उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में लोकतंत्र राजतंत्र में बदल गया है। कहा कि किसानों को दिल्ली में प्रवेश तक नहीं करने दिया जाता, इसलिए अब दिल्ली तक पहुंचने के लिए राजनीति का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी किसानों, मजदूरों, सैनिकों, पुलिसकर्मियों और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। कृषि को लाभकारी बनाना, किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाना और ग्रामीण विकास को गति देना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल होगा।भानु प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद किसानों का कर्ज माफ करने, सैनिकों, पुलिसकर्मियों, पत्रकारों और किसानों को राहत देने का काम किया जाएगा तथा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चला जाएगा।इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजब सिंह कसाना, राष्ट्रीय महासचिव नितिन चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड परविंदर चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जनक चौधरी, अंकित चौधरी, रेखा शर्मा, संजय नागर, राजेंद्र नागर, मदन शर्मा, अजब सिंह और जीवाराम यादव समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। Please follow and like us: Post navigation इलेक्ट्रिक स्कूटर अब कम कीमत में उपलब्ध डीएम एसएसपी ने सोमवती अमावस्या स्नान पर्व में नियुक्त पुलिस बल को किया ब्रीफ