हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। आरोप है कि चार युवक तमंचे के बल पर घर में घुस आए और महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के कानों से झुमके लूटकर मौके से फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।

अगले दिन 8 जुलाई को पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ अन्य महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही और पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, लूटे गए झुमके और मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से व बैटरी बरामद की।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। चारों आरोपितों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उनका किसी अन्य आपराधिक घटना से संबंध तो नहीं है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवम (24 वर्ष) पुत्र गम्भीर, शेखर (22 वर्ष) पुत्र चादकीराम, अरुण (23 वर्ष) पुत्र दलीप निवासीगण ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी तथा विकास (25 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम महाखड़ी थाना सयाना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *