हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करना गौ हत्या और माता-पिता की हत्या जैसे महापाप के समान है और ऐसा अपराध किसी भी स्थिति में क्षमा योग्य नहीं है।हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है और पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर में चोरी अत्यंत गंभीर और अक्षम्य अपराध है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जांच समिति अपना कार्य शुरू कर चुकी है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।इस मामले के सामने आने के बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने भी तत्काल जांच समिति गठित की थी। इसके बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज होने से यह संकेत मिला है कि सरकार पूरे मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषियों को बख्शने के पक्ष में नहीं है। मुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, उसी के अनुरूप जिम्मेदार लोगों पर बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।मानसून को लेकर सरकार पूरी तरह तैयारमुख्यमंत्री ने मानसून की तैयारियों पर भी जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। संवेदनशील जिलों में अलर्ट जारी रहेगा और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *