हरिद्वार। लक्सर के गोवर्धनपुर क्षेत्र में रविवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और एक संदिग्ध टेंपो सवार के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, टेंपो चालक ने चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से भाग निकला। पीछा करने पर आरोपी ने गन्ने के खेत में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टेंपो को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाने की कोशिश की और खानपुर की ओर तेज गति से भाग निकला।घटना की सूचना तत्काल चौकी प्रभारी ने कोतवाली खानपुर के प्रभारी निरीक्षक को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ आरोपी की तलाश में रवाना हुए। पुलिस टीम ने धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के नजदीक टेंपो को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक टेंपो को सड़क पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में घुस गया।पुलिस के मुताबिक, खेत में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया।उपचार के दौरान घायल आरोपी ने पुलिस को अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित टेंपो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना के पीछे के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *